सेना को मिलने वाले कथित ख़राब खाने की शिकायत करने वाले BSF जवान के बेटे की संदिग्ध स्थिति में मौत, पुलिस को आत्महत्या का शक
BSF जवान तेज बहादुर यादव ने पिछले साल एक विडियो बनाकर सेना को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे.
सेना के जवानों को मिलने वाले खाने की गुणवत्ता की शिकायत करने वाले जवान तेज बहादुर यादव के 22 वर्षीय बेटे रोहित को मृत पाया गया है. हरियाणा के रेवाड़ी में उनके आवास शांति विहार के पास उनकी लाश मिली है.
एनडीटीवी की ख़बर के मुताबिक पुलिस को आत्महत्या का शक है, क्योंकि रोहित का कमरा बंद था और उसके पास से एक बंदूक भी मिली है. पुलिस का कहना है, “हमें ख़बर मिली कि रोहित ने आत्महत्या की है, जब मौके पर पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और उसके हाथ में पिस्टल था. उसके पिता कुंभ स्नान के लिए गए थे, हमने उन्हें फ़ोन पर सूचित किया.”
बता दें कि तेज बहादुर यादव ने पिछले साल जनवरी में एक विडियो बनाकर सेना को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि अधिकारियों की वज़ह से सेना के जवानों को बढ़िया भोजन नसीब नहीं हो पाता. इतना ही नहीं उन्होंने कहा था कि कई बार बीएसएफ जवानों को भूखे पेट भी सोना पड़ता है.