बेरोज़गारी पर मोदी सरकार की आलोचना सुन भड़के भाजपाई, मुस्लिम युवक को बेरहमी से पीटा
पीड़ित युवक का कहना था कि मोदी सरकार रोज़गार देने में असफल रही है.
उत्तर प्रदेश के मुजफ़्फ़रनगर में मोदी सरकार के ख़िलाफ़ बोलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी है. पीड़ित युवक का कहना था कि मोदी सरकार रोज़गार देने में असफल रही है. युवक की पिटाई का विडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार एक टीवी चैनल जर्नलिस्ट आगामी चुनाव को लेकर लोगों से सवाल-जवाब कर रहे थे. शो में जनता से मोदी सरकार के कार्यों को लेकर सवाल किया जा रहा था.
शो के दौरान मुस्लिम युवक ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को नौकरी देने में असफल हुई है. युवक की बातों से भाजपा कार्यकर्ता नाराज़ हो गए और युवक की बुरी तरह से पिटाई शुरू कर दी. वायरल विडियो में देखा जा सकता है कि युवक को पीट रहे लोग उससे पूछत रहे हैं कि तू क्या आतंकीवादी बनेगा.
https://twitter.com/Benarasiyaa/status/1103320424836784128
शो को होस्ट कर रहे जर्नलिस्ट नरेंद्र प्रताप का कहना है कि “हम अपने कार्यक्रम के दौरान एक पार्क में लोगों से बातचीत कर रहे थे. हमने केंद्र सरकार के कार्यों को लेकर मुस्लिम युवक से सवाल किए. युवक ने मोदी सरकार के ख़िलाफ़ कुछ बातें बोली तो भाजपा कार्यकर्ता ने पीएम मोदी और भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए.”
जर्नलिस्ट नरेंद्र प्रताप ने आगे बताया कि युवक को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि वह घटना को लेकर पुलिस से शिकायत करने से भी डर रहा है.
वहीं दूसरी ओर एसपी सतपाल का कहना है कि हमें इस विषय में कोई शिकायत नहीं मिली है. सोशल मीडिया पर ऐसे कई विडियो हैं. जिनकी पुष्टि नहीं हो पाई है. अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई जरूर की जाएगी.