BJP ने कहा बदला जाए दिल्ली का नाम, CM अरविंद केजरीवाल बोले- नाम नहीं, दिल्ली वालों की ज़िंदगी बदलनी है
“लोगों की ज़िंदगी में ख़ुशहाली तब आएगी जब हम उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा, उनको अच्छा इलाज, उनके लिए अच्छी सड़क, बिजली और पानी का इंतज़ाम करेंगे”
दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने बीते बुधवार को संसद में दिल्ली की अंग्रेजी स्पेलिंग बदलने की मांग रखी है. उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में दिल्ली की स्पेलिंग Delhi के जगह Dilli की जाए.
भाजपा नेता की इस मांग ने राजनीतिक गरियारों में एक नई बहस को जन्म दे दिया है. दिल्ली के मुख्य मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा नेता की मांग पर निशाना साधा है.
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “हमें दिल्ली का नाम नहीं बल्कि दिल्ली वालों की ज़िंदगी बदलनी है, उनकी ज़िंदगी बेहतर बनानी है. लोगों का विकास दिल्ली का नाम बदलने से कैसे होगा? लोगों की ज़िंदगी में ख़ुशहाली तब आएगी जब हम उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा, अच्छा इलाज, अच्छी सड़क, बिजली और पानी का इंतज़ाम करेंगे.”
हमें दिल्ली का नाम नहीं, दिल्ली वालों की ज़िंदगी बदलनी है, उनकी ज़िंदगी बेहतर बनानी है। लोगों का विकास दिल्ली का नाम बदलने से कैसे होगा? लोगों की ज़िंदगी में ख़ुशहाली तब आएगी जब हम उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा, उनको अच्छा इलाज, उनके लिए अच्छी सड़क, बिजली, पानी का इंतज़ाम करेंगे https://t.co/KgSwkWJttI
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 25, 2019
नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार दिल्ली की स्पेलिंग बदलने के पीछे भाजपा नेता ने तर्क दिया कि डेल्ही नाम में दिल्ली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक नहीं मिलती है, इसलिए अंग्रेजी में शहर के नाम की स्पेलिंग दिल्ली ही होनी चाहिए. उन्होंने जल्द ही गृह मंत्रालय को इस संदर्भ में एक प्रस्ताव भेजने की बात भी कही है.
ग़ौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज रखा था.