कर्नाटकः BJP उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या पर शारीरिक शोषण का आरोप, पीड़ित महिला ने पूछा- टिकट देने से पहले भाजपा ने सूर्या के चरित्र पर विचार क्यों नहीं किया
महिला ने कहा कि वह बहुत जल्द तेजस्वी सूर्या के ख़िलाफ़ सबूत पेश करेंगी.
कर्नाटक के दक्षिणी बेंगलुरु लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार तेजस्वी सूर्या पर एक महिला ने शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है, जिसके बाद कर्नाटक कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है.
कांग्रेस पार्टी ने महिला के उस बयान का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया है, जिसमें कहा गया है कि पिछले 5 सालों से उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है. महिला का कहना है कि वह अब इन सबसे बाहर निकलना चाहती हैं. पीड़ित महिला का कहना है, “मैं मानती हूं कि मेरा प्यार अंधा था, लेकिन इसने मुझे मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया है. मेरा शोषण हुआ है. मैं भाजपा से पूछना चाहती हूं कि उसने इसे टिकट देने से पहले इसके बैकग्रांउड की जांच-पड़ताल क्यों नहीं की. सिर्फ धार्मिक बातें करने और अच्छा भाषण देने से कोई महान आदमी नहीं बन जाता.
Is @Tejasvi_Surya another MJ Akbar in the making?
Dear @BJP4India , @Tejasvi_Surya seems to be a great choice. #BangaloreSouth will remember. #MeToo#LokSabhaPolls2019 pic.twitter.com/G50tSax8Xo
— Karnataka Congress (@INCKarnataka) March 27, 2019
कर्नाटक कांग्रेस ने ट्वीट कर पूछा है कि क्या तेजस्वी सूर्या, दूसरे एमजे अकबर बन रहे हैं?
वन इंडिया की ख़बर के अनुसार महिला ने यह भी दावा किया कि वह अकेली महिला नहीं है, जिसे तेजस्वी सूर्या ने प्रताड़ित किया है. उनके जैसी कई महिलाएं तेजस्वी सूर्या की शिकार हुई हैं. महिला ने कहा कि मैं जल्द सारे सबूत पेश करूंगी.
महिला के इस खुलासे और कर्नाटक कांग्रेस द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी है. हालांकि भाजपा या तेजस्वी सूर्या की तरफ से इस वाकैये पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
हंगामा बढ़ने के बाद महिला ने अपने ट्वीट को हटा लिया है और एक अन्य ट्वीट में कहा है कि इस मुद्दे पर उन्हें अकेले छोड़ दी जाए.

ग़ौरतलब है कि भाजपा के दिग्गज दिवंगत नेता अनंत कुमार की मृत्यु के बाद दक्षिणी बेंगलुरु की सीट खाली हो गई थी. लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 28 वर्षीय तेजस्वी सूर्या को इस सीट से उम्मीदवार घोषित किया है.