कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कई मौके पर कर चुके हैं PM मोदी की आलोचना
भाजपा से टिकट मिलने की संभावनाओं के सवाल पर उन्होंने रविवार को कहा था कि सवाल यह होना चाहिए कि मैं भाजपा से टिकट लूंगा या नहीं.
बिहार के पटना साहिब लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ सकते हैं. सिन्हा के एक करीबी ने इस बात की जानकारी दी है.
द टेलीग्राफ के मुताबिक शत्रुघ्न सिन्हा के करीबी सूत्र का कहना है, “वह (सिन्हा) अभी बिहार में महागठबंधन के सीटों के बंटवारे का इंतजार कर रहे हैं, इसके बाद लोकसभा चुनाव से पहले ही वह पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे.”
शत्रुघ्न सिन्हा पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के 2009 से सांसद हैं. लेकिन, भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के ख़िलाफ़ कई मंचों से बोलने के कारण इस बार उनकी टिकट कट सकती है. वे कई बार राजद नेता तेजस्वी यादव की तारीफ़ भी कर चुके हैं.
इस बार मकर संक्रांति के अवसर पर बिहार में एनडीए ने तीन जगह कार्यक्रम रखे, लेकिन इनमें से किसी भी जगह शत्रुघ्न सिन्हा को नहीं बुलाया गया. भाजपा से टिकट मिलने की संभावनाओं के सवाल पर उन्होंने रविवार को कहा था कि सवाल यह होना चाहिए कि मैं भाजपा से टिकट लूंगा या नहीं.
सिन्हा के करीबी ने कहा है, “पटना साहिब लोकसभा सीट पर अगड़ी जातियों की अच्छी-खासी संख्या है, ऐसे में अगर शत्रुघ्न सिन्हा राजद के टिकट पर चुनाव लड़ें तो नुकसान हो सकता है क्योंकि राजद ने आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण का मुखर होकर विरोध किया था. कांग्रेस ने इस बिल का समर्थन किया था इसलिए उनके लिए कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना ज्यादा उचित है. 2014 के लोकसभा चुनाव में भी राजद-कांग्रेस गठबंधन होने के बावजूद पटना साहिब की सीट कांग्रेस के कोटे में गई थी.