May a good source be with you.

भाजपा को केंद्र से हटाने के लिए कांग्रेस से गठबंधन कर सकती है पार्टी : शिवपाल यादव

शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान हनुमान को जाति में बांटने की कोशिश करने वाले लोगों की सोच बहुत छोटी है.

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी—लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए वह कांग्रेस से भी गठबंधन कर सकते हैं.

शिवपाल कल कस्बा फरीदपुर में पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने आये थे. कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं को लेकर किये गये सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस से भी गठबंधन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि उनका संगठन 75 जिलों में है. पार्टी ने तय कर लिया है कि प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ना है और भाजपा के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ना है.

शिवपाल ने कहा कि अगर भाजपा को केंद्र से हटाना है तो जो लोग मोर्चे की बात कर रहें है वे हमसे भी बात करें क्योंकि बगैर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कोई भाजपा को हटा नहीं सकता है. हम गठबंधन के लिए बात करने को तैयार हैं.

हनुमान की जाति को लेकर उपजे विवाद पर शिवपाल ने कहा कि हनुमान भगवान का रूप हैं और भगवान को जाति में नहीं बांटना चाहिए. भगवान राम के सेवक हनुमान ने बहुत बड़ा काम किया था और जो लोग उन्हें जाति में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी सोच बहुत छोटी है.

मंदिर मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जहाँ पर विवादित स्थल है, वहां पर मंदिर नहीं बनना चाहिए. अभी मामला उच्चतम न्यायालय में है तो किसी भी कीमत पर न्यायालय की अवेहलना नहीं की जानी चाहिए. शिवपाल ने कहा कि अयोध्या में सरयू नदी के किनारे बहुत जमीन पड़ी है. वहां मंदिर बने तो वह भी सहयोग करेंगे.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+