बीजेपी सांसद की मांग- अयोध्या भगवान बुद्ध का स्थान है, वहां बुद्ध की ही प्रतिमा स्थापित हो
बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने मांग की है कि अयोध्या में भगवान बुद्ध का स्थान है और वहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित हो.
देश में एक तरफ साधु-संतों और हिंदूवादी संगठनों द्वारा अयोध्या में राम मंदिर बनाने की मांग तेज़ हो रही है. वहीं दूसरी ओर बहराइच से भाजपा सांसद सावित्री बाई फुले ने मांग की है कि अयोध्या में भगवान बुद्ध का स्थान है और वहां भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित हो. सावित्री ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश पर अयोध्या में जब विवादित स्थल पर खुदाई की गई थी तो वहां तथागत से जुड़े अवशेष निकले थे. इसलिए अयोध्या में बुद्ध की ही प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक़ सावित्री ने कहा कि, “मैं साफ करना चाहती हूं कि बुद्ध का भारत था. अयोध्या बुद्ध का स्थान है. इसलिए वहां तथागत बुद्ध की प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए.”
वहीं संघ के प्रचारक और भाजपा के राज्य सभा सदस्य राकेश सिन्हा ने राम मंदिर निर्माण के पक्ष में एक निजी विधेयक लाने के सवाल पर भाजपा सांसद ने कहा कि, भारत का संविधान धर्म निरपेक्ष है, जिसमें सभी धर्मों की सुरक्षा की गारंटी दी गई है. संविधान के तहत ही देश चलना चाहिए. सांसद या विधायक को भी संविधान के तहत ही चलना चाहिए.”
ज्ञात हो कि, भाजपा सांसद का बयान उस वक्त सामने आया जब साधु-संत और विभिन्न हिंदूवादी संगठन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए कानून बनाने के लिए लगातार सरकार पर दबाव बना रहे हैं. हालांकि उच्चतम न्यायालय ने अयोध्या मामले में नियमित सुनवाई अगले साल जनवरी तक टाल दी है. जिसके बाद भाजपा के नेताओं और सांसदों द्वारा मंदिर निर्माण को लेकर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं.