May a good source be with you.

शर्मनाक: भाजपा सांसद ने प्रियंका गांधी के पहनावे पर की आपत्तिजनक टिप्पणी

भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी ने यह विवादित बयान यूपी के बस्ती ज़िले में आयोजित एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान दिया.

राजनीति में नेताओं द्वारा विवादित बयानबाजी करना अब आम बात हो गई है. इसी सिलसिले में उत्तर प्रदेश के बस्ती ज़िले से भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी ने प्रियंका गांधी के पहनावे को लेकर शर्मनाक बयान दिया है. भाजपा सांसद का कहना है कि प्रियंका गांधी जब दिल्ली में रहती हैं तो जींस और टॉप पहनती हैं, लेकिन जनता के बीच वे साड़ी और सिंदूर लगाकर पहुंचती हैं.

दैनिक जागरण की ख़बर के अनुसार उत्तर प्रदेश के बस्ती ज़िले में एक सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया था. जिसमें भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी भी अतिथि के तौर पर पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रियंका गांधी के पहनावे को लेकर कहा कि सबको पता है कि प्रियंका गांधी जब दिल्ली में रहती हैं तो जीन्स-टॉप पहनती हैं लेकिन क्षेत्र की जनता के बीच साड़ी और सिंदूर लगाकर आती हैं.

भाजपा सांसद के बोल यहीं नहीं थमे बल्कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल फेल हैं तो प्रियंका भी फेल हैं. ग़ौरतलब है कि प्रियंका गांधी के राजनीति में उतरने से राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज़ हो गई है. हाल यह है कि भाजपा नेता, प्रियंका के पहनावे पर भी बयान देने से नहीं चूक रहे हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+