हार देख कर बौखलाई भाजपा? केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राहुल गांधी को कहे अपशब्द
राजस्थान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के लिए अपशब्द और गैरसंसदीय भाषा का प्रयोग किया.
राजस्थान के सिरोही ज़िले के सिरोही-शिवगंज विधनसभा सभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाषा की मर्यादा लांघ दी. उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए आपत्तिजनक और गैर संसदीय भाषा का प्रयोग किया है.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस के नेताओं ने नारा दिया था कि विकास पागल हो गया है. लेकिन, मैं इनसे कहना चाहता हूं कि विकास पागल हुआ हो या नहीं, लेकिन इस (राहुल गांधी) पागल का विकास कैसे करोगे और कैसे प्रधानमंत्री बनाओगे.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी किसानों की बात करते हैं, जिन्हें यह नहीं पता कि बाजरे का पौधा होता है या पेड़. आलू पेड़ पर लगते हैं या खेत में उगते हैं तो वे किसानों का क्या भला कर पाएंगे. हालांकि अपने भाषण के दौरान शेखावत भाजपा की उपलब्धियों का बखान करना नहीं भूले और राज्य सरकार की योजनाओं की जमकर तारीफ की.