राजस्थान: विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को झटका, दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी
मुस्लिम विधायक हबीबुर रहमान और पूर्व मंत्री सुरेन्द्र गोयल ने इस्तीफा दिया.
राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं. पार्टी को पहला झटका मुस्लिम विधायक हबीबुर रहमान के रूप में लगा है, जिन्होंने भाजपा को छोड़ दिया है और अनुमान लगाया जा रहा है कि वे पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. वहीं दूसरी ओर राजस्थान सरकार के मंत्री रह चुके सुरेंद्र गोयल ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. सुरेंद्र गोयल 5 बार विधायक रह चुके हैं. वहीं भाजपा के 20 विधायकों ने भी पार्टी छोड़ने की धमकी दी है.
दरअसल यह पूरा मामला विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी करने का है, जिसमें 131 उम्मीदवारों के नाम शामिल किए गए हैं. वहीं सूची में नाम न आने से नाराज़ विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देना शुरू कर दिया है. जनसत्ता की रिपोर्ट के अनुसार चुनाव में पार्टी की तरफ से टिकट न मिलने से नाराज़ सुरेंद्र गोयल ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है.
ज्ञात हो कि राजस्थान में 200 विधानसभा सीटें हैं. भाजपा ने 131 प्रत्याशियों की सूची में 85 विधायकों को स्थान दिया है. लेकिन अब भाजपा से नाराज़ विधायक इस्तीफा दे रहे हैं जो पार्टी के लिए नुकसानदायक हो सकता है. क्योंकि अटकलें लगाई जा रही है कि भाजपा छोड़ रहे विधायक कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. वहीं सुरेंद्र गोयल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर सकते हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा छोड़ रहे विधायकों के बाद पार्टी के लिए जीत का लक्ष्य हासिल कर पाना कितना मुश्किल होगा.