बिहार: नरेन्द्र मोदी की सभा के कारण शहीद पिन्टू को श्रद्धांजलि देने नहीं पहुंचे BJP के एक भी नेता
देशभर के भाजपा नेता प्रधानमंत्री मोदी की सभा में हिस्सा लेने पहुंचे थे, लेकिन शहीद को श्रद्धांजलि देने कोई नहीं पहुंचा.
भारतीय जनता पार्टी के लिए सेना के जवानों की शहादत कितनी मायने रखती है, इसकी बानगी पटना में दिखने को मिली है. बिहार के बेगूसराय के जवान पिंटू सिंह शुक्रवार को कश्मीर में वीरगति को प्राप्त हुए, लेकिन जब उनका पार्थिव शरीर रविवार सुबह पटना पहुंचा तो उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा का कोई नेता या बिहार सरकार का कोई मंत्री उपलब्ध नहीं था.
न्यूज़18 की ख़बर के मुताबिक शुक्रवार की शाम आतंकियों से मुठभेड़ में मारे गए थे, जिसके बाद उन्हें रविवार सुबह 8 बजे के करीब पटना एयरपोर्ट लाया गया. लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी की संकल्प यात्रा होने के कारण भाजपा के कोई नेता मौजूद नहीं रहे. इस दौरान केवल कांग्रेस नेता मदन मोहन झा मौजूद रहे. जवान पिन्टू सिंह शव को हेलीकॉप्टर के जरिए बेगूसराय ले जाया गया. इस दौरान पिंटू के परिवार से उनकी बहन और भाभी एयरपोर्ट शव को लेने आई थी.
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी और जदयू सहित सभी एनडीए के दलों की आज पटना के गांधी मैदान में संकल्प यात्रा हो रही है. इसमें शामिल होने के लिए देशभर से भाजपा नेता आ रहे हैं, लेकिन शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए कोई नेता मौजूद नहीं रहा.