भाजपा नेता की गुंडागर्दी, बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ की अभद्रता, एफ़आईआर दर्ज
भाजपा नेता ने अधिकारियों को बंधक बनाने की धमकी देते हुए मोबाइल और कागजात छीन लिये.
भाजपा युवा मोर्चा के ज़िलाध्यक्ष अन्नू पंडित के ख़िलाफ़ ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. अन्नू पंडित पर दादरी बिजली विभाग के अधिकारियों को धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के अनुसार दादरी के एग्जूटिव इंजीनियर निशामत नवीव ने बताया कि बिजली चोरी करने वालों के ख़िलाफ़ अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें भू-खंड अधिकारी महेंद्र सिंह के ख़िलाफ़ 6 महीने पहले बिजली चोरी के लिए एफआईआर दर्ज की गई थी.
महेंद्र सिंह के ख़िलाफ़ मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए भाजपा नेता अन्नू पंडित अपने 150 समर्थकों के साथ दादरी बिजली विभाग के ऑफिस पहुंचा था.
भाजपा नेता ने मीटिंग कर रहे अधिकारियों के साथ अभद्रता की और बंधक बनने की धमकी देते हुए सभी अधिकारियों से मोबाइल और कागजात छीन लिया. पुलिस ने धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने पर भाजपा नेता के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की है.