भाजपा को उसके नेता ने ही चौंकाया, कहा- कांग्रेस सरकार ने तो छत्तीसगढ़ में मेरा भी लोन माफ़ किया
पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उनका 70 हजार रुपये का कर्ज़ माफ कर दिया है.
छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के एक बयान के बाद चौतरफा भाजपा का मज़ाक उड़ रहा है. कंवर का कहना है कि कांग्रेस सरकार की ओर से कर्ज़माफी के तहत उनका भी कर्ज़माफ किया गया है. कंवर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने उनका 70 हजार रुपये का कर्ज़ माफ कर दिया है.
एनडीटीवी की ख़बर के मुताबिक कंवर के इस बयान के बाद भाजपा मज़ाक का पात्र बन गई है, क्योंकि कुछ समय पहले से यह कर्ज़माफी की योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर सवाल खड़े कर रही थी.
ज्ञात हो कि कांग्रेस ने सत्ता में आते ही किसानों की कर्ज़माफी की घोषणा कर दी थी. शपथ ग्रहण के कुछ घंटों के भीतर ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्ज़माफी का ऐलान कर दिया. भूपेश बघेल ने कैबिनेट की पहली बैठक में 16 लाख 65 हजार से अधिक किसानों का 6100 करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ़, धान का समर्थन मूल्य 2500 रुपये प्रति क्विंटल और झीरम हमले के शहीदों को न्याय दिलाने के लिए SIT का गठन जैसे तीन अहम फैसले लिए थे. बता दें कि कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में 10 दिन के भीतर किसानों की कर्ज़माफ़ी की बात कही गई थी.