यौन शोषण के आरोप में भाजपा नेता और एक डॉक्टर भोपाल से गिरफ़्तार
पीड़िता ने भाजपा नेता पर 10 सालों से यौन शोषण करने का आरोप लगाया था.
मध्य प्रदेश के विदिशा में वरिष्ठ भाजपा नेता और डॉक्टर पीयूष सक्सेना को पुलिस ने 19 दिनों बाद भोपाल से गिरफ़्तार किया है. भाजपा के नेता पर 10 सालों तक एक नाबलिंग का यौन शोषण करने का आरोप था.
पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज करवाने की ख़बर मिलने के बाद से आरोपी भाजपा नेता फरार था. आरोपी डॉक्टर की तलाश में पुलिस ने तकरीबन 6 जगहों पर छापेमारी भी की. लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल हो जाता था.
आजतक की ख़बर के अनुसार गुरुवार को पुलिस के सूत्रों से सूचना मिली कि आरोपी नेता भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में है. पुलिस ने दाबिश कर आरोपी भाजपा नेता को एक चाय की दुकान से गिरफ़्तार कर लिया. आरोपी डॉक्टर ने अपना हुलिया पूरी तरह से बदल रखा था जिससे वह पुलिस की पकड़ में न आ सके.
पुलिस गिरफ़्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने आरोपी नेता को 24 घंटे के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. ज्ञात हो कि बीते 17 नवंबर को सिविल लाइंस थाने में एक नाबालिग लड़की के साथ यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया गया था. आरोपी डॉक्टर के ख़िलाफ़ बलात्कार, पॉस्को एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दायर किया गया था.