योगी आदित्यनाथ के बयान पर भड़के मोदी सरकार के मंत्री जनरल वीके सिंह, कहा- भारतीय सेना को “मोदी की सेना” बताने वाला देशद्रोही
भाजपा सांसद ने कहा कि भारतीय सेनाएं तटस्थ हैं. वे इस चीज में सक्षम हैं कि राजनीति से अलग रहें.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भारतीय सेना को मोदी जी की सेना बताए जाने को लेकर पूर्व जनरल और गाजियाबाद से भाजपा सांसद वीके सिंह ने कहा है कि ऐसी बातें करने वाला ग़लत ही नहीं बल्कि देशद्रोही भी है.
बीबीसी के साथ एक साक्षात्कार के दौरान पूर्व जनरल वीके सिंह से प्रश्न किया गया कि क्या भारतीय सेना को मोदी जी की सेना कहना सही है? इसके जवाब में भाजपा सांसद ने कहा, “भाजपा के प्रचार में सब लोग अपने आप को सेना भी बोलते हैं. लेकिन हम किस सेना की बात रहे हैं. क्या हम भारतीय सेना की बात कर रहे हैं या पॉलिटिकल वर्कर्स की बात कर रहे हैं. मुझे नहीं पता कि क्या संदर्भ है. अगर कोई कहता है कि भारत की सेना मोदी जी की सेना है तो वो गलत ही नहीं, देशद्रोही भी है. भारत की सेनाएं भारत की हैं, राजनीतिक पार्टी की नहीं हैं.”
भाजपा सांसद ने कहा कि भारतीय सेनाएं तटस्थ हैं. वे इस चीज में सक्षम हैं कि राजनीति से अलग रहें.
ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते 1 अप्रैल को ग़ाज़ियाबाद में जनरल वीके सिंह के चुनाव प्रचार में भारतीय सेना को ‘मोदी जी की सेना’ कहा था, जिस पर विपक्षी पार्टियों समेत कई पूर्व सैन्य अधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि सेना देश की होती है, किसी नेता की नहीं.
इसे भी पढ़ें-योगी आदित्यनाथ का शर्मनाक बयान, इंडियन आर्मी को बताया ‘मोदी जी की सेना’