May a good source be with you.

भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है : उपेंद्र कुशवाहा

उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह कैबिनेट का रबड़ स्टाम्प के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं.

राजग से अलग हुई राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. हिन्दी भाषी तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद उन्होंने यह बात कही.

दो दिन पहले भाजपा से नाता तोड़ चुके कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह कैबिनेट का रबड़ स्टाम्प के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री पिछड़े वर्गों को धोखा और बिहार को सिर्फ जुमले दे रहे हैं.

यह पूछे जाने पर कि उन्होंने राजग से गठबंधन क्यों तोड़ा, उन्होंने कहा, “मैं विकास के एजेंडे पर राजग में शामिल हुआ था, लेकिन कुछ साल से मैंने महसूस कि कि सरकार बनाने के बाद वे अपने एजेंडे के विकास पर काम कर रहे थे, जो राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ का एजेंडा था.”

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने राजग से रिश्ता तोड़ने का मन इसलिये बनाया क्योंकि राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ का एजेंडा न तो देश और न ही हमारे दल के लिये अनुकूल था.’’ उन्होंने एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से यह बात कही.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+