चुनाव जीत गई तो बाल विवाह के बाद पुलिस नहीं करेगी कार्रवाई: भाजपा प्रत्याशी का दावा
भाजपा प्रत्याशी शोभा चौहान का यह विडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
राजस्थान चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने कानून को ताक पर रख दिया है. सोजत से भाजपा प्रत्याशी शोभा चौहान का कहना है कि अगर वे चुनाव में जीतती हैं, तो बाल विवाह करने पर पुलिस गिरफ्तार नहीं करेगी.
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि अभी उनके पास सत्ता और संगठन दोनों मौजूद हैं. चुनाव जीतने के बाद अगर मेरे स्तर से काम नहीं होता है तो अपने उपर के लोगों से करवाउंगी. उन्होंने कहा कि आज के बाद शादी-ब्याह के आयोजनों में पुलिस नहीं आएगी.
पत्रिका की खबर के अनुसार भाजपा प्रत्याशी रायपुर क्षेत्र के पिपलिया गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं. यहां लोगों ने शिकायत की थी कि शादी-ब्याह और मृत्युभोज में पुलिस उन्हें परेशान करती है.
सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशी का यह विडियो काफी वायरल हो रहा है. इस संबंध में पाली के जिलाधिकारी सुधीर कुमार वर्मा का कहना है कि मामले की शिकायत और विडियो मिली है. उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है.