छत्तीसगढ़: कर्ज़ माफ़ी के बाद बिजली बिल आधा करने की तैयारी में कांग्रेस सरकार, कैबिनेट में पेश हो सकता है प्रस्ताव
ऊर्जा विभाग ने हर महीने 500 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं का बिल को आधा करने का प्रस्ताव तैयार किया है.
छत्तीसगढ़ सरकार नए साल के मौक़े पर जनता को बड़ा तोहफ़ा देने की तैयारी कर रही है. ऊर्जा विभाग ने हर महीने 500 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं का बिल को आधा करने का प्रस्ताव तैयार किया है.
कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कर्ज़ माफ़ी के साथ-साथ बिजली का बिल आधा करने का वादा किया था. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनता से किए वादों को पूरा करते हुए बिजली का बिल आधा करने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है.
दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार वितरण कंपनी ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए तीन स्लैब तैयार किए हैं. प्रस्ताव के अनुसार बिल स्लैब में 40 यूनिट तक बिजली खर्च करने पर 3.70 रुपये प्रति यूनिट, 200 यूनिट तक बिजली खर्च करने पर 3.80 रुपये प्रति यूनिट और 201 से 600 यूनिट बिजली खर्च करने पर 5.30 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल का भुगतान किया जाएगा. जिसमें 500 यूनिट तक बिजली का बिल आधा होगा. लेकिन 500 से ज्यादा यूनिट की खपत पर बिजली का पूरा बिल देना होगा.
वितरण कंपनी के एमडी और विशेष सचिव उर्जा अंकित आनंद ने 1 हफ्ते के अध्ययन के बाद यह प्रस्ताव तैयार किया है. इस प्रस्ताव को 1 जनवरी यानी आज कैबिनेट में पेश किया जा सकता है. बिजली का बिल आधा करने से बिजली कंपनियों को होने वाले नुकसान की भरपाई सरकार की ओर से अनुदान के रूप में किया जाएगा. जिससे सरकार पर 1500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा.