भाजपा के साथ मिलकर घिनौना षडयंत्र रच रहे हैं नीतीश कुमार : तेजस्वी यादव
आईआरसीटीसी मामले में सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा द्वारा सामने लाए गए तथ्यों को लेकर तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा को आड़े हाथों लिया.
सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा ने हाल ही में अपने ऊपर लगे आरोपों पर केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के सवालों का जवाब दिया. वर्मा ने सीवीसी द्वारा भेजे गए प्रश्नावली पर अपने आधिकारिक प्रतिक्रिया में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को ख़ारिज किया है. अपने इस जवाब में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के ख़िलाफ़ मामले में उनपर प्रकरण को कमज़ोर करने के आरोपों को भी ख़ारिज किया.
आलोक वर्मा द्वारा सीवीसी को दिए स्पष्टीकरण के बाद बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, “हमसे पब्लिक डोमेन में स्पष्टीकरण मांग रहे थे कि CBI ने केस किया है, अब तो CBI निदेशक ने ही सच बोल दिया है अब कुटिल कुमार क्या कहेंगे? है शर्म क्या श्रीमान अनैतिक कुमार?” यादव ने भाजपा और नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए कहा, “हम लगातार कह रहे थे कि नीतीश कुमार भाजपा के साथ मिलकर घिनौना षड़यंत्र रच रहे हैं.”
हम लगातार कह रहे थे कि नीतीश कुमार BJP के साथ मिलकर घिनौना षढयंत्र रच रहे है। अब उनकी नंगई उजागर हो गई है।
हमसे पब्लिक डोमेन में स्पष्टीकरण माँग रहे थे कि CBI ने केस किया है अब तो CBI निदेशक ने ही सच बोल दिया है अब कुटिल कुमार क्या कहेंगे ? है शर्म क्या श्रीमान अनैतिक कुमार?
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 16, 2018
गौरतलब है कि सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा ने आईआरसीटीसी मामले में ख़ुद पर लगे आरोप के सम्बन्ध में जवाब देते हुए कहा है कि इस मामले में उनकी तरफ से किसी भी तरह के नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ है. द वायर की एक ख़बर के मुताबिक़ वर्मा ने कहा कि वे इस मामले के राजनीतिक विवाद को लेकर चिंतित थे क्योंकि अस्थाना, भाजपा के एक नेता एवं बिहार के वर्त्तमान उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी लगातार इस मामले का फॉलो-अप ले रहे थे.
आलोक वर्मा ने कहा कि अस्थाना के अधीन कार्यरत जांच अधिकारी लालू प्रसाद के ख़िलाफ़ और आईआरसीटीसी निदेशक राकेश सक्सेना के ख़िलाफ़ लगे आरोपों को सिद्ध करने के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाए थे.