बेरोज़गारी हटाओ-आरक्षण बढ़ाओ यात्रा पर निकलेंगे तेजस्वी यादव, आरक्षण मामले पर मोदी सरकार के ख़िलाफ़ खोलेंगे मोर्चा
तेजस्वी यादव ने जातीय जनगणना की रिपोर्ट जारी करने और उसके आधार पर आरक्षण का दायरा बढ़ाने की मांग की है.
देश में बढ़ती बेरोज़गारी और पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर मोदी सरकार विपक्ष के निशाने पर है. इसी क्रम में बिहार में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने भी मोदी सरकार के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है. तेजस्वी यादव कल (शुक्रवार) से दरभंगा से बेरोज़गारी हटाओ, आरक्षण बढ़ाओ यात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार से जातीय जनगणना की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और आबादी के हिसाब से आरक्षण का कोटा बढ़ाने की मांग की है. तेजस्वी इस यात्रा के जरिए तीन अन्य मांगों को भी उठाएंगे, जिसमें एससी-एसटी और ओबीसी को मिलने वाले आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 90 प्रतिशत करने की मांग भी शामिल है. साथ ही तेजस्वी ने निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने की मांग की है. तेजस्वी यादव ने अपनी इस रैली के लिए नारा दिया है- आर-पार करेंगे, लड़ेंगे और हक लेकर मरेंगे.
ग़ौरतलब है कि साल की शुरुआत में बेरोज़गारी की रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें कहा गया था कि 2017-18 में बेरोज़गारी दर 6.1 पहुंच गई. बेरोज़गारी का यह आंकड़ा 45 सालों में सबसे ज्यादा है.