बिहार के कॉलेज में जाति पूछकर होती है छात्रों पर कार्रवाई, प्रशासन पर भड़के मगध विश्वविद्यालय के छात्र
छात्रों का कहना है कि कॉलेज के प्राचार्य कार्रवाई करने से पहले छात्रों की जाति पूछते हैं.
बिहार के मगध विश्वविद्यालय में एक अजीबोग़रीब सच्चाई सामने आई है. विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले पटना कॉमर्स कॉलेज में प्राचार्य द्वारा छात्रों की जाति पूछकर कार्रवाई करने का मामला सामने आया है. इसे लेकर छात्रों में काफी गुस्सा व्याप्त है.
ईनाडु इंडिया की ख़बर के मुताबिक छात्रों का कहना है कि कॉलेज में बी.एड के नामांकन में भारी गड़बड़ी की गई है. इसका विरोध करने पर कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक और प्राचार्य द्वारा छात्रों के ऊपर कार्रवाई की जा रही है. छात्र कहते हैं कि कॉलेज के प्राचार्य कार्रवाई करने से पहले छात्रों की जाति पूछते हैं.
छात्र कहते हैं कि जाति पूछकर पिछड़ी जाति के कई छात्रों को निष्काषित किया गया है. छात्रों के मुताबिक जब वे इस बारे में कॉलेज प्रशासन से बात करने पहुंचे, लेकिन प्रशासन ने कोई जवाब नहीं दिया.
ग़ौरतलब है कि बिहार की उच्च शिक्षा की स्थिति बदतर है. राज्य के विश्वविद्यालय समय पर परीक्षा कराने और शिक्षा देने में हमेशा विफल रहे हैं.