बिहार में गुंडाराज: आरजेडी नेता की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत का माहौल
नालंदा में अपराधियों ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता इंदल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी.
बिहार के नालंदा में राष्ट्रीय जनता दल के नेता इंदल पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि पहले से प्लान सेट करके आए अपराधियों ने आरजेडी नेता को गोली मारी.
न्यूज फ़ॉर नेशन के मुताबिक इंदल पासवान देर रात श्राद्ध कर्म से लौट रहा था तभी घात लगाए अपराधियों ने इंदल को घेरकर उसके सीने पर तीन गोलियां चला दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
ख़बर के मुताबिक आरजेडी नेता इंदल पासवान की मौत की खबर से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रशासन के ख़िलाफ़ जमकर प्रदर्शन किया है. इतना ही नहीं हत्या से भड़के लोगों ने आरोपी बताए जा रहे चुनी लाल के घर में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी. भीड़ ने आरोपी के 13 साल के बेटे को भी बेरहमी से पीटा, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरु कर दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार छापेमारी कर रहा है. बता दें कि आरजेडी नेता की हत्या से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है.