ना रोड और ना नाला, शहर बन गया है नरक: पाटलिपुत्र की जनता मौज़ूदा बीजेपी सांसद से खफ़ा
एक युवा ने आरोप लगाते हुए कहा, “रामकृपाल यादव जी कहते हैं कि हमने काम किया है लेकिन सच्चाई यह है कि उन्होंने कुछ भी काम नहीं किया है.”
लोकसभा चुनाव के आख़िरी चरण में 19 मई को पटना के पाटलिपुत्र सीट पर भी मतदान होने हैं. पिछली बार बीजेपी की सीट से लोकप्रिय नेता रामकृपाल यादव ने जीत हासिल की थी. लेकिन इस बार उनकी राहें आसान नहीं रहने वाली है. स्थानीय लोग मौज़ूदा सांसद से काफ़ी नाराज़ दिख रहे हैं. लोगों का कहना है कि पिछले पांच सालों में बुनियादी सुविधाओं का विकास नहीं हुआ है. शहर नरक बन गया है.
ईटीवी भारत से बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ सबका विकास की बात करते हैं, लेकिन इस क्षेत्र में सरकार के उदासीन रवैये से यह पूरा इलाक़ा नरक में तब्दील हो गया है. नाला और सड़क नहीं होने से बरसात के दिनों में यह क्षेत्र तलाब में बदल जाता है. लोगों को काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.”
वहीं एक युवा ने कहा, “रामकृपाल यादव जी कहते हैं कि हमने काम किया है लेकिन सच्चाई यह है कि उन्होंने कुछ भी काम नहीं किया है. न रोड है और न ही नाला बना है. चारों तरफ़ गंदगी फैला हुआ है. वो आकर बताए कि उन्होंने क्या किया है?”
बता दें कि पूर्व मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह ने भी इस लोकसभा सीट का दौरा किया. उन्होंने पत्रकारों का बताया कि सवर्ण मतदाता रामकृपाल से नाराज़ चल रहे हैं. हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि मतदाता नरेन्द्र मोदी के नाम पर सीधे वोट बीजेपी में डालेंगे.