बिहार में मॉब लिंचिंग: चोरी के संदेह में एक व्यक्ति को भीड़ ने पीट पीटकर मार डाला
भीड़ ने चार अन्य लोगों को भी बुरी तरह मारा, जो गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
बिहार के नालंदा ज़िले में भीड़ ने चोरी के संदेह में एक व्यक्ति को पीट-पीट कर मार डाला. भीड़ ने अन्य चार लोगों को भी जमकर पीटा, जो बुरी तरह से घायल हैं.
एनडीटीवी के मुताबिक नालंदा ज़िले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात हुई घटना में इन सभी लोगों को कथित तौर पर पैर और डंडों से पीटा गया. इनमें दो लोग भागने में सफल रहे और बाकी तीनों को दो घंटे बाद नजदीकी मेडिकल सेंटर ले जाया गया. तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
एक विडियो में एक घायल को बिस्तर पर पड़ा हुआ देखा गया है, जिसके शरीर पर चोटों के काले निशान हैं. वहीं स्थानीय पुलिस ने कहा कि वे मामले की जांच कर रहे हैं और घटना में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है.