बिहार में मॉब लिंचिंग: मवेशी चोरी के आरोप में भीड़ ने 55 साल के मो. काबुल को पीट-पीट कर मार डाला
मॉब लिंचिंग की इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
बिहार में मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है. राज्य के अररिया जिले में मवेशी चोरी के आरोप में भीड़ ने एक 55 वर्षीय पूर्व मुखिया की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना 29 दिसंबर 2018 की बताई जा रही है. इस विडियो में दिख रहे शख़्स की पहचान रानीकटता गांव के मोहम्मद काबुल के रुप में की गई है.
वायरल विडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि भीड़ ने मोहम्मद काबुल को घेर रखा था, जिसके बाद वह रो-रोकर अपनी जान की भीख मांग रहा है. लेकिन आक्रामक भीड़ ने उसकी हत्या कर दी.
द टेलीग्राफ़ के मुताबिक अररिया के थानाध्यक्ष केडी सिंह ने बताया कि यह घटना सिमरबनी गांव में बीते 29 दिसंबर के रात की है. थानाध्यक्ष के अनुसार सिमरबनी गांव के मुस्लिम मियां नाम के व्यक्ति ने उन्हें बताया कि तीन चोर उसके घर में घुस आए और चोरी की. इसके बाद जब स्थानीय लोगों ने चोरों को पकड़ने की कोशिश की तो दो चोर भागने में कामयाब रहे, लेकिन काबुल पकड़ा गया. भीड़ ने तब पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी.
फिलहाल पुलिस ने इस घटना का केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी है, हालांकि अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. सिंह के मुताबिक पुलिस ने हमलावरों और विडियो बनाने वालों की पहचान कर ली है.
आपको बता दें कि बिहार में गौरक्षकों से जुड़ा पहला मामला साल 2017 में उस वक्त सामने आया था जब बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीजेपी के साथ दोबारा जुड़े थे. इस घटना में कथित गोमांस को भोजपुर जिले से कोलकत्ता ले जाने के अफवाह में बजरंग दल के समर्थकों ने तीन लोगों की पिटाई कर दी थी.