May a good source be with you.

शर्मनाक: पुलवामा घटना को लेकर कश्मीरी दुकानदारों पर हमला, 10 दिनों के भीतर बिहार छोड़ने की धमकी

कश्मीर बाजार संयोजक वसीर अहमद ने बताया कि उपद्रवी पुलवामा हमले को लेकर गाली-गलौच करते हुए मार्केट में दाखिल हुए थे.

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में जवानों पर आतंकी हमले के विरोध में पटना के ल्हासा मार्केट में उपद्रवियों ने कश्मीरी दुकानदारों के साथ मारपीट को अंजाम दिया है. उन्होंने कश्मीरी दुकानदारों को 10 दिनों के भीतर दुकानें खाली करने की चेतावनी भी दी है.

दैनिक भास्कर की ख़बर के अनुसार पटना के बुद्धमार्ग में स्थित ल्हासा मार्केट में 25-30 उपद्रवियों ने कश्मीरी दुकानदारों की जमकर पिटाई कर दी. जिसमें तीन कश्मीरी दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कश्मीरी बाजार संयोजक वसीर अहमद का कहना है कि शुक्रवार की सुबह मार्केट खुलने के बाद 25-30 बदमाश ल्हासा मार्केट में घुसे और पुलवामा में सैनिकों पर हुए हमले को लेकर गाली-गलौज करने लगे.

बदमाश लूटपाट के इरादे से मार्केट में घुसे थे. लेकिन जब दुकानदारों ने उनका विरोध किया तो उपद्रवियों ने दुकानदारों के साथ मारपीट की. जिसमें माजिद अहमद, रईस और अब्दुल बारी को गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने कहा कि इससे पहले कभी उनके साथ कभी ऐसी घटना नहीं हुई है.

उपद्रवियों ने कश्मीरी दुकानदारों को बिहार छोड़ने की चेतावनी दी है. उन्होंने धमकी दी है कि अगर 10 दिनों के भीतर दुकानें बंद नहीं होती तो अंजाम भुगतना होगा.  हालांकि पुलिस के घटना स्थल पर पहुंचने से पहले बदमाश वहां से फरार हो चुके थे. लेकिन नाजुक हालातों को देखते हुए पुलिस ने लगभग एक दर्जन जवान को घटनास्थल पर तैनात किया है.

बता दें कि पिछले 35 सालों से पटना में ल्हासा मार्केट लग रही है. कश्मीरी दुकानदार दिवाली के समय पटना आते हैं और 28 फरवरी तक लौट जाते हैं.

ज्ञात हो कि बीते गुरुवार को पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले पर विस्फोटक से लदी कार से हमला कर दिया था. जिसमें 40 जवान की मौत और कई जवान घायल हो गए थे.

इसे लेकर पूरे देश में गुस्से का माहौल है. इस माहौल का इस्तेमाल कुछ विशेष एजंडे के लोग अपने फ़ायदे के लिए करते दिख रहे हैं. देश भर से ऐसी ख़बरें आ रही है कि इसे लेकर कश्मीरी मुसलमानों पर हमले किए जा रहे हैं.

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+