बिहार: महागठबंधन में सुलझ रही सीट बंटवारे की गुत्थी, 11 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है कांग्रेस
राजद 20 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतार सकती है.
बिहार में महागठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारे की गुत्थी लगभग सुलझ गई है. पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है कि राज्य में राजद जहां 20 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतार सकती है तो वहीं कांग्रेस 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है. पिछले दिनों महागठबंधन के शीर्ष नेताओं के बीच गहन बातचीत के बाद यह फ़ैसला लिया गया है. बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं.
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने के शर्त पर से कहा, ‘सीट शेयरिंग का मुद्दा लगभग फाइनल हो चुका है. राजद ने कांग्रेस के 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की सहमति जताई है. उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी दलों को पूरा सम्मान दिया जाएगा और अगले कुछ दिनों में ही इस फैसले की औपचारिक घोषणा की जाएगी.
लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से शुरू होकर यह 19 मई तक चलेगा. बिहार में सात चरणों में मतदान होंगे.
बिहार के इस महागठबंधन में कांग्रेस और राजद के अलावा उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम), शरद यादव की लोकतांत्रिक जनता दल (एलजेडी) जैसी नई पार्टियां भी शामिल हैं.
गौरतलब है कि राजद ने 2014 के आम चुनावों में 27 सीटों पर चुनाव लड़ा था, हालांकि वह केवल चार सीटें ही जीत पायी थी.