गया: PM मोदी की रैली में कुर्सी के लिए आपस में ही लड़ गए पार्टी समर्थक, खानी पड़ी पुलिस की लाठी
चुनावी सभा में अव्यवस्था के चलते भीड़ बेकाबू हो गई और एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगी.
बिहार के गया में चौकीदार नरेन्द्र मोदी की रैली में भगदड़ की स्थिति तब बन गई जब पार्टी समर्थकों के दो गुटों में कुर्सी को लेकर आपसी खींचा-तानी होने लगी. मारपीट और स्थिति की भयावहता को देखते हुए पुलिस को मजबूरन लाठी चार्च करना पड़ा. तब जाकर मामला शांत हो पाया.
बता दें कि मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी चुनावी सभा को संबोधित करने बिहार के गया पहुंचे थे. लेकिन आयोजकों की अव्यवस्था के चलते भीड़ बेकाबू हो गई. एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगी. कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति बन गई.
पीटीआई के अनुसार लड़ाई करने वाले दोनों गुट एनडीए समर्थक ही थे. वे नरेन्द्र मोदी के समर्थन में नारे लगा रहे थे. लेकिन कुर्सी को लेकर आपस में उलझ गए. हालांकि पुलिस के मुताबिक़ किसी भी व्यक्ति पर मामला दर्ज नहीं किया गया है.
ग़ौरतलब है कि इस सभा में शामिल होने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और एनडीए सांसद रामबिलास पासवान भी पहुंचे थे.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित