बिहारः डीजीपी ने माना- बिहार पुलिस निकम्मा और नकारा, कहा- पुलिस रात में छोड़िए दिन में भी गश्त नहीं करती
डीजीपी की इस बात को लेकर बिहार पुलिस में हड़कंप का माहौल पैदा हो गया है.
बिहार के डीजीपी के.एस द्विवेदी ने अपने ही प्रदेश पुलिस को नाकारा और निकम्मा करार दिया है. उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस रात में छोड़िए दिन में भी गश्त नहीं करती है. डीजीपी की इस बात को लेकर बिहार पुलिस में हड़कंप का माहौल पैदा हो गया है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार डीजीपी के.एस द्विवेदी ने राज्य के सभी ज़िलों के एसएसपी को पत्र लिखकर कहा कि रात में छोड़िए, बिहार पुलिस दिन में भी गश्त नहीं करती है. अपराधी सोचते हैं कि पुलिस हमें पकड़ नहीं पाएगी. इस वजह से वे लगातार अपराध कर रहे हैं. हालात यह हैं कि अपराधी दिन में भी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं और पुलिस कुछ नहीं कर पाती. कठोर कार्रवाई न करने की वजह से अपराधी पूरी तरह से बेख़ौफ़ हो गए हैं.
उन्होंने पत्र में आगे कहा कि बिहार में लूट और हत्या की वारदातों में तेज़ी से इजाफ़ा हुआ है. हत्या के 60 प्रतिशत से ज्यादा मामले जमीनी विवाद को लेकर हुए हैं. लेकिन ऐसी घटनाओं को नियंत्रित किया जा सकता है. इसके लिए डीजीपी ने अपराधों पर लगाम लगाने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं.
डीजीपी के इस पत्र के बाद पुलिस महकमे और राजनीति गरियारों में हलचल मच गई है. तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर डीजीपी के बात का समर्थन किया और कहा कि “बिहार के DGP कह रहे है पुलिस मेरी ही नहीं सुन रही है. रात तो छोड़िए, दिन में भी गश्त नहीं करते. कोई नहीं सुन रहा. पुरे प्रदेश मे लॉ एण्ड आर्डर खत्म हो चुका है. नीतीश कुमार जी और बेचिए थानों को और बचाइये अपराधियों को, शराब माफियाओं को.”
बिहार के DGP कह रहे है पुलिस वाले मेरी ही नहीं सुन रहे। रात तो छोड़िए, दिन में भी गश्त नहीं करते। कोई नहीं सुन रहा। पुरे प्रदेश मे लाॅ एण्ड आर्डर खत्म हो चुका है। पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है।
नीतीश कुमार जी, और बेचिए थानों को, और बचाइये अपराधियों को, शराब माफियाओं को।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) December 28, 2018