मदन मोहन झा को बिहार कांग्रेस की कमान
अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
18 सितंबर कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मंगलवार को बिहार की नयी प्रदेश कमेटी का गठन करते हुए मदन मोहन झा को अध्यक्ष नियुक्त किया।
इसके साथ ही अखिलेश प्रसाद सिंह को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने झा और सिंह की नियुक्ति की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किये गए हैं। अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 23 सदस्यीय कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।
बिहार कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा राज्य में पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और विधान परिषद के सदस्य भी हैं। बिहार में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पद अशोक चौधरी को पद से हटाये जाने के बाद से खाली था। इसके बाद से कोकब कादरी कार्यवाहक अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे थे।
एनएसयूआई से राजनीति की शुरुआत करने वाले झा युवा कांग्रेस में महासचिव बने। बाद में वह बिहार कांग्रेस में महासचिव नियुक्त किये गए। 1985 से 1995 तक विधानसभा के सदस्य रहे। मई 2014 से बिहार विधान परिषद में कांग्रेस कोटे से सदस्य हैं।
दरभंगा जिले के निवासी झा के पिता नागेंद्र झा बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री रहे। स्वयं मदन मोहन झा नीतीश सरकार में महागठबंधन के दौर में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रहे हैं।