बिहारः सीएम नीतीश कुमार की जनसभा में छाया रहा सन्नाटा, नहीं पहुंची अनुमानित भीड़
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया के बनमनखी में स्थित जीएमएम ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. लेकिन, सभा में मौजूद लोगों की संख्या काफी कम थी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी निराश हो गए.
बिहार के पूर्णिया ज़िले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक चुनावी सभा में निराशा हाथ लगी है. मुख्यमंत्री की सभा में लाखों लोगों की भीड़ आने का अंदाजा लगाया गया था, लेकिन इसके ठीक उलट मुख्यमंत्री की सभा में बिल्कुल सन्नाटा छाया रहा.
ईटीवी भारत की ख़बर के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूर्णिया के बनमनखी में स्थित जीएमएम ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. लेकिन, सभा में मौजूद लोगों की संख्या काफी कम थी, जिसे देखकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी निराश हो गए.
जदयू सांसद संतोष कुशवाहा ने सभा के लिए भीड़ जुटाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद लोग सभा में शामिल नहीं हुए. जनसभा में जिन कुछ लोगों का आना हुआ था, उन्होंने माना कि सरकार के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए ज्यादातर लोग जनसभा में नहीं आए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस जनता की सुरक्षा करने के बजाय नेताओं के पीछे लगी रहती है. वहीं इस जनसभा में लोगों ने सिस्टम की कमियों को लेकर शिकायत पत्र दिए.