बिहारः भाजपा नेता तांत्रिक मस्तान बाबा के घर छापेमारी, करोड़ों रुपयों के साथ हथियार व नोट गिनने की मशीन बरामद
तांत्रिक मस्तान बाबा पुलिस को चकमा देकर नेपाल फरार हो गया है.
बिहार के सीवान में भाजपा के नेता व तांत्रिक असगर अली उर्फ मस्तान बाबा के अड्डे पर छापेमारी में करोड़ों रुपए जब्त किए गए हैं.
प्रभात ख़बर के अनुसार जीबी नगर थाने के रौजा गौर गांव में बीते सोमवार की रात पुलिस ने भाजपा नेता के अड्डे पर छापा मारा. यहां से बरामद 1.50 करोड़ रुपयों की गिनती करने में पुलिस को 2 दिन का समय लग गया.
पुलिस ने बताया कि तांत्रिक असगर अली के घर नकदी के रूप में 66 लाख 57 हज़ार और 40 हजार के सिक्के बरामद हुए हैं. इसके अलावा 33 ग्राम सोने और 750 ग्राम चांदी के जेवर भी मिले हैं. पुलिस ने बताया कि छापेमारी में कुछ विदेशी करेंसी भी बरामद हुई है.
पुलिस को आशंका है कि तांत्रिक मस्तान का संबंध टेरर फंडिंग से है, जिसकी जांच के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली जा सकती है.
एएसपी कांतेश मिश्र ने प्रभात ख़बर को बताया कि मस्तान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष है, जो तांत्रिक का काम करता है. छापेमारी भाजपा नेता के घर से मेड इन जर्मनी की पिस्टल, एक एयरगन, 40 तलवार, लैपटॉप, रुपए गिनने वाली मशीन और कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है.
हालांकि तांत्रिक असगर मस्तान पुलिस को चकमा देकर नेपाल फरार हो गया है. इधर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने असगर अली को पार्टी से निष्कासित कर दिया है.