घपला: बिहार के होटल से बरामद हुई 6 EVM और 1 वीवीपैट मशीन
इस मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
सोमवार, 6 मई को बिहार के मुजफ़्फ़रपुर के एक होटल से कम से कम 6 ईवीएम और 1 वीवीपैट मशीन बरामद की गई है. इससे चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं. मुजफ्फरपुर के एसडीओ कुंदन कुमार ने इन्हें ज़ब्त कर अपने कब्ज़े में कर लिया है.
ज़ी न्यूज़ के अनुसार ऐसा कहा जा रहा है कि सेक्टर मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार की गाड़ी का ड्राइवर वोट डालने गया था, इसलिए वे इन मशीनों को होटल में लेकर गए.
होटल के कमरे से ईवीएम और वीवीपैट मशीन बरामद होने के बाद स्थानीय लोगों ने मजिस्ट्रेट के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया. उन्हें शक है कि इंचार्ज द्वारा कुछ गड़बड़ी की गई है.
ज़ी न्यूज़ के मुताबिक मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है. उनसे होटल में ईवीएम और वीवीपैट मशीन पहुंचने की वजह पूछी गई है.
जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने इस ख़बर की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार का ड्राइवर वोट डालने गया था, जिसकी वजह से वे ईवीएम को अपने होटल में लेकर गए.
ज़ी न्यूज़ के अनुसार जिलाधिकारी का कहना है, “सेक्टर ऑफिसर को कुछ अतिरिक्त मशीनें दी गईं थी ताकि किसी ईवीएम में ख़राबी होने के समय उन्हें बदला जा सके. ख़राब ईवीएम को बदलने के बाद अवधेश कुमार के पास 2 बैलेटिंग यूनिट, 1 कंट्रोल यूनिट और 2 वीवीपैट मशीनें अवधेश कुमार की गाड़ी में बची थी. उन्हें इन मशीनों को होटल में नहीं ले जाना चाहिए था, यह नियम के ख़िलाफ़ है. चूंकि उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है, इसलिए अवधेश कुमार के ऊपर विभागीय जांच बैठाई जाएगी.
बता दें कि सोमवार (6 मई) को बिहार के पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हुए थे. सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सारण और हाजीपुर (आरक्षित) में वोट डाले गए. 2014 के आम चुनाव में सीतामढ़ी के अलावा बाकी सभी सीटों पर एनडीए उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी.