भूपेश बघेल होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री, अटकलों पर लगा विराम
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 15 सालों से चल रहे भाजपा के रमन सिंह सरकार को धूल चटाई है.
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस पार्टी के विधायकों की बैठक में भूपेश बघेल को विधायक दल को नेता चुना गया है. इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों से लग रही अटकलों पर विराम लग गया है.
ग़ौरतलब है कि छत्तीगढ़ में मुख्यमंत्री पद की रेस में कांग्रेस पार्टी की तरफ़ से चार दावेदार थे. पार्टी आलाकमान और विधायक दल की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है. भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जनता ने हमें जिस उम्मीदों पर चुना है, उन्हें पूरा करना है.
बता दें कि छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जीत के बाद इन तीनों राज्यों में पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी है. राजस्थान में अशोक गहलोत तो मध्यप्रदेश की कमान वरिष्ठ नेता कमलनाथ को सौंपी गई है.