बेंगलुरूः मेडिकल कॉलेज में दलित छात्र की रैंगिंग, पुलिस ने पांच सीनियर छात्रों को गिरफ़्तार किया
शराब के नशे में धुत आरोपी युवकों ने दलित छात्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी.
बेंगलुरू के राजाजी नगर में एक मेडिकल कॉलेज के पांच सीनियर छात्रों पर दलित छात्र की रैंगिंग करने का आरोप लगा है. स्थानीय पुलिस ने दलित छात्र की शिकायत पर पांचों आरोपी छात्रों को गिरफ़्तार कर लिया है.
लाइव हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार पीड़ित छात्र की शिकायत के मुताबिक 24 दिसंबर की रात को अंतिम वर्ष के पांचों छात्र उसके होस्टल कमरे में आए और गाली-गलौज करने लगे. इसके बाद एक आरोपी युवक ने उसे थप्पड़ भी मार दिया. जब इतना करने पर भी आरोपी युवकों का मन नहीं भरा तो वे दलित छात्र को घसीटते हुए होस्टल से बाहर ले गए और देर रात तक उसके साथ अभ्रद्र व्यवहार करते रहे.
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी छात्र उत्तरी भारत के रहने वाले हैं और घटना के दिन शराब के नशे में धुत थे. पुलिस ने आरोपी छात्रों के ख़िलाफ़ दलित अत्याचार रोकथाम विरोधी धाराओं और कर्नाटक एजुकेशन एक्ट 1983 के तहत मामला दर्ज किया है. कर्नाटक एजुकेशन एक्ट के तहत जूनियर छात्रों की रैगिंग करते पाए जाने पर आरोपी को एक साल की जेल हो सकती है.