लॉ एंड ऑर्डर का पतन: BHU में बेखौफ़ बदमाश, छात्र को गोली मारकर हुए फ़रार
कॉलेज परिसर में गोली चलने से आक्रोशित छात्रों ने ट्रामा सेंटर में जमकर तोड़फोड़ की.
बनारस हिंदू विश्वविद्याल (बीएचयू) में बेखौफ़ बाइक सवार बदमाशों ने छात्रावास के बाहर खड़े एक छात्र को गोली मार दी और फरार हो गए. घटना से आक्रोशित छात्रों ने ट्रामा सेंटर में जमकर तोड़फोड़ की है.
पत्रिका की ख़बर के मुताबिक बीते मंगलवार को बीएचयू के बिरला ए छात्रावास के बाहर गौरव सिंह नामक एमसीए का छात्र अपने साथियों के साथ बातचीत कर रहा था. तभी अचानक बाइक सवार बदमाश उसे गोली मारकर मौक़े से फ़रार हो गए. घायल गौरव के दोस्तों ने उसे तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया. फ़िलहाल घायल छात्र की हालात गंभीर बनी हुई है.
कॉलेज परिसर में गोली चलने की ख़बर से अन्य छात्र आक्रोशित हो गए और ट्रामा सेंटर में जमकर तोड़फोड़ की. घटना की ख़बर मिलते ही लंका समेत कई थानों की पुलिस दल-बल समेत बीएचयू पहुंच गई. पुलिस ने बदमाशों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है. फ़िलहाल परिसर में तनाव का माहौल देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
ग़ौरतलब है कि बीएचयू में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हर साल करोड़ो रुपए ख़र्च किए जाते हैं. लेकिन बावजूद इसके बेखौफ़ बदमाश परिसर में घुसकर छात्र को गोली मारकर फ़रार हो गए. जो बीएचयू की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े करता है.