बजरंग दल का ऐलान, कहा- नवजोत सिंह सिद्धू का सिर काटो और ले जाओ 5 लाख रुपए
बजरंग दल के नेता संजय जाट ने कहा, आगरा में सिद्धू का स्वागत जूतों से किया जायेगा और नवजोत सिंह सिद्धू की पंजाब विधानसभा से सदस्यता रद्द की जाए और उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज़ कराया जाए।
पूर्व क्रिकेटर और क्रांग्रेसी नेता नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तानी सेना प्रमुख से गले मिलने वाला मामला शांत नहीं हो रहा है। इसी घटनाक्रम में बजरंग दल ने नवजोत सिंह सिद्धू का सिर काटने वाले व्यक्ति को 5 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में बजरंग दल के आगरा ज़िलाध्यक्ष संजय जाट ने नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा से गले मिलने की घटना पर नराज़गी ज़ाहिर करते हुए सिद्धू का सिर काटने वाले व्यक्ति को 5 लाख इनाम की घोषणा की है। बजरंग दल के नेता वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं कि “वह एक गद्दार है और उसके कृत्य को माफ नहीं किया जा सकता है। उसके खिलाफ राजद्रोह का मुक़दमा चलाया जाए।”
संजय जाट ने आगे कहा, ” यदि सिद्धू कभी आगरा आए तो लोग उनका स्वागत जूतों से करेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू की पंजाब विधानसभा से सदस्यता रद्द की जाए और उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा दर्ज़ कराया जाए।”
ज्ञात हो कि इससे पहले पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी सिंद्धू के जनरल बाजवा से गले मिलने की घटना पर नाराज़गी ज़ाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ” मुझे लगता है कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख के लिए उन्होंने जो स्नेह दिखाया, वो उनके लिए ग़लत था।”
इतना ही नहीं बिहार के मुज़फ्फरपुर में वकील सुधीर ओझा ने सीजेएम अदालत में सिद्धू के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज़ कराया है। वकील ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान सेना प्रमुख को गले लगाकर पंजाब के नेता सिद्धू ने भारतीय सेना का अपमान किया है।
दूसरी तरफ कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने इस दौरे के बारे में बताते हुए कहा कि वे वहां दोस्त के हैसियत से गए थे और इमरान खान ने भी दोस्ती का संदेश दिया है। उन्होंने आगे बताया कि पाकिस्तान में संबंध सुधारने को लेकर बहुत ज़्यादा चाहत है। उन्होंने जैसा सोचा था उससे भी ज़्यादा रहा अच्छा रहा उनका दौरा।