अच्छे दिन पार्ट-2: ऑटोमोबाइल सेक्टर में जा सकती हैं 10 लाख लोगों की नौकरियां
हरियाणा के गुरुग्राम-मनेसर बेल्ट, पुणे, जमशेदपुर और पीतमपुर (मध्यप्रदेश) के बड़े ऑटो हब में धीमी गति के कारण नौकरियों का यह नुक़सान हो रहा है.
देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में भारी संख्या में नौकरियां घटने वाली है. करीब 10 लाख लोगों का रोज़गार छिना जा सकता है. पिछले 11 महीने से ऑटो कंपोनेंट इंडस्ट्री के विकास में कमी की वजह से यह स्थिति बनी है.
ऑटोमेटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोशियन ऑफ इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक ऑटो इंडस्ट्री, हरियाणा के गुरुग्राम-मनेसर बेल्ट, पुणे, जमशेदपुर और पीतमपुर (मध्यप्रदेश) के बड़े ऑटो हब में धीमी गति के कारण नौकरियों का यह नुक़सान हो रहा है.
ऑटोमेटिव कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोशियन ऑफ इंडिया यानि एसीएमए के महाप्रबंधक विन्नी मेहता ने द हिंदू बिजनेस लाइन को बताया है, “हर कंपनी में कम से कम 10 से 15 प्रतिशत लोगों को रोज़गार का नुक़सान हो रहा है. पूरा हरियाणा इस मंदी को झेल रहा है. ऑटो कम्पोनेंट इंडस्ट्री में करीब 50 लाख कर्मचारी काम करते हैं और इसमें से 70 प्रतिशत कर्मचारी ठेके पर हैं.”
एसीएमए के अध्यक्ष राम वेंकटरमानी का कहना है कि इस इंडस्ट्री को सरकार के तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है. एसीएमए चाहता है कि सरकार जीएसटी के दरों को कम कर 18 फ़ीसदी का एक समान दर लागू करे, जिससे मांग को गति प्रदान की जा सके.