असमः भीड़ ने मुस्लिम बुजुर्ग की सड़क पर की बर्बर पिटाई, जबरन खिलाया सुअर का मीट
एआईयूडीएफ और जमीयत उलेमा असम इकाई ने इस घटना की निंदा की और दावा किया कि यह घटना लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में शांति भंग करने की साजिश थी.
असम के तेजपुर में कथित तौर पर गोमांस बेचने को लेकर भीड़ ने एक मुस्लिम बुजुर्ग के साथ मारपीट को अंजाम दिया और उसे सुअर का मीट खाने के लिए मजबूर किया. इस घटना को विडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है.
भीड़ ने 48 वर्षीय शौकत अली से सड़क पर मारपीट की और उन्हें सुअर का मीट खाने पर मजबूर किया. वायरल विडियो में भीड़ शौकत अली से पूछ रही है कि क्या उसके पास गोमांस बेचने का लाइसेंस है? क्या तुम बांग्लादेशी हो?, तुम्हारा नाम एनआरसी में है? फिलहाल शौकत अली को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है.
खाने का स्टॉल लगाने वाले शौकत ने दावा किया कि हमलावरों द्वारा बलपूर्वक उसे सुअर का मीट खिलाया गया था, जो ज्यादातर मुसलमानों के लिए हराम है. लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है.
एसपी राकेश रौशन ने बताया कि स्थानीय लोगों ने शौकत अली को पीटा, लेकिन वे लोग किसी कट्टरपंथी संगठन से जुड़े नहीं थे. इस मामले में 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
ग़ौरतलब है कि एआईयूडीएफ और जमीयत उलेमा असम इकाई ने इस घटना की निंदा की और दावा किया कि यह घटना लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में शांति भंग करने की साजिश थी. बता दें कि, तेजपुर में आगामी 11 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान होना है.
पीटीआई इनपुट्स पर आधारित
इसे भी पढ़ें- राजस्थानः भीड़ ने मुस्लिम परिवार की लाठी-डंडों से की बर्बर पिटाई, मामला दर्ज