अपने हुए पराये, असम गण परिषद का भाजपा से गठबंधन तोड़ने का ऐलान
एजीपी प्रस्तावित नागरिकता (संशोधन) विधेयक को लेकर काफी समय से भाजपा से नाराज थी.
भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए में शामिल विभिन्न दल आगामी लोकसभा चुनावों से ठीक पहले पार्टी से दूरी बनाने में लग गए हैं. अब असम गण परिषद (एजीपी) ने भी भाजपा के साथ अपना गठबंधन तोड़ दिया है.
न्यूज़18 की ख़बर के मुताबिक पार्टी के अध्यक्ष अतुल बोरा ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करने के बाद भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान कर दिया है. दरअसल, एजीपी नागरिकता संसोधन विधेयक को लेकर भाजपा से नाराज थी.
बता दें कि बीते रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि भाजपा प्रस्तावित नागरिकता (संशोधन) विधेयक, 2016 को संसद में मंजूरी दिलाने को लेकर काम कर रही है. प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान के ख़िलाफ़ कृषक मुक्ति संग्राम समिति ने लगभग 70 संगठनों ने बयान के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया था.
अब लोकसभा चुनावों से कुछ ही महीने पहले भाजपा ने दो प्रमुख सहयोगियों – चंद्रबाबू नायडू की तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) का साथ गंवा दिया है.