अशोक गहलोत होंगे राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री, सचिन पायलट को डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी
पिछले कुछ दिनों से सीएम पद की दावेदारी से जुड़ी कई ख़बरें सामने आ रही थी.
राजस्थान के अगले मुख्यमंत्री का फ़ैसला हो चुका है. कांग्रेस नेता और इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री रहे अशोक गहलोत को यह कपान सौंपी गई है. वही, राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष और पार्टी के युवा नेता सचिन पायलट को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है.
पत्रकार वार्ता में अशोक गहलोत ने राज्य की जनता और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति आभार जताया. वहीं, सचिन पायलट ने कहा कि जनता ने पार्टी पर भरोसा जताया है इसके लिए हम आभारी हैं और हमारा अगला कदम लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने का है.
ग़ौरतलब है कि तीन राज्यों में कांग्रेस पार्टी की जीत के बाद कहा जा रहा था कि राजस्थान में सीएम की दावेदारी को लेकर शीर्ष नेतृत्व को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है. इसी तरह मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री पद के लिए नेताओं के बीच टकराव की ख़बरें सामने आ रही थी. गुरुवार को पार्टी ने वरिष्ठ नेता कमलनाथ को मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर दिया. इधर, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के नाम पर अभी तक फ़ैसला नहीं हो सका है.