असम NRC: बीएसएफ जवान और उनकी पत्नी को घोषित किया गया विदेशी, जवान के पिता ने सरकार से लगाई इंसाफ़ की गुहार
“मजीबुर को छोड़कर बाकी सदस्यों को नाम एनआरसी सूची में दर्ज है.”
असम एनआरसी पर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है. नए मामले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) के एक उपनिरक्षक और उनकी पत्नी को बिना किसी जानकारी दिए ही विदेशी घोषित कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक़ परिवार का आरोप है कि उपनिरक्षक मजीबुर रहमान और उनकी पत्नी को पिछले साल दिसंबर में ही जोरहाट विदेशी अधिकरण के द्वारा विदेशी घोषित कर दिया गया था. लेकिन अधिकरण द्वारा उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं दी गई.
बता दें कि मजीबुर अभी पंजाब में बीएसएफ के सेवा में हैं. उन्होंने एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि “एनआरसी सूची बनाने का काम जिन्हें सौंपा गया है उन्होंने अपने कर्तव्यों का पालन ठीक ढंग से नहीं किया है. हम दोषमुक्त पंजी चाहते हैं, इसके लिए हम पूरी तरह सहयोग करेंगे.”
जनसत्ता के अनुसार मजीबुर रहमान के पिता ने कहा, “मजीबुर को छोड़कर बाकी सदस्यों को नाम एनआरसी सूची में दर्ज है.” उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इसके लिए ठोस कदम उठाया जाए ताकि उनका बेटा भारतीय बना रहे.
यह भी पढ़ें: असम में NRC का कहर: 30 साल तक देश की सेवा करने वाले सेना के रिटायर्ड जवान मो. सनाउल्लाह को बताया गया “विदेशी”
बता दें कि इससे पहले तीस साल तक देश की सेवा करने वाले सेना के रिटार्यड सूबेदार मोहम्मद सनाउल्लाह को भी विदेशी करार दिया गया था.