गौ- प्रेमियों द्वारा की जा रही मुसलमानों की मॉब लिंचिंग: झारखंड में मुस्लिम युवक की मॉब लिंचिंग पर बोले ओवैसी
“सबसे पहले गौ प्रेमियों द्वारा एक मुस्लिम की हत्या कर दी जाती है. फिर, एक घटिया बहाना दिया जाता है: गोमांस खाने का ‘संदेह’, चोरी, तस्करी और लव जिहाद.”
झारखंड के सरायकेला में मुस्लिम युवक की मॉब लिंचिंग को लेकर हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रोष व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि यही “सबका विश्वास” है, जब हमें (मुसलमानों को) सिर्फ ‘संदेह’ के आधार पर भीड़ द्वारा मारा जाएगा.
ओवैसी ने ट्वीट कर कहा है, “यह लगभग सभी लिंचिंग का पैर्टन बन गया है. सबसे पहले गौ प्रेमियों द्वारा एक मुस्लिम की हत्या कर दी जाती है. फिर, एक घटिया बहाना दिया जाता है: गोमांस खाने का ‘संदेह’, चोरी, तस्करी और लव जिहाद. “सबका विश्वास” नारे की यही सच्चाई है, हमें (मुसलमानों को) सिर्फ ‘संदेह’ के आधार पर मारा जा रहा है.”
This is the pattern with almost all lynchings. First, a Muslim is murdered by cow lovers. Then the most ridiculous excuses begin: a ‘suspicion’ of beef possession, theft, smuggling & love jihad
So much for sabka vishwas when we can be killed over mere ‘suspicions’ https://t.co/G8koC1EHc8
— Asaduddin Owaisi (@asadowaisi) June 23, 2019
बता दें कि झारखंड के जमशेदपुर जिले में भीड़ ने 24 वर्षीय तबरेज अंसारी की पीट पीट कर हत्या कर दी थी. भीड़ ने उन्हें कथित तौर पर मोटरसाइकिल की चोरी का आरोप लगाकर बीते मंगलवार को मारा था, जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी. 22 जून को तबरेज अंसारी की मौत हो गई. इस घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि भीड़ तबरेज अंसारी को “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के नारे लगाने के लिए मजबूर कर रही है.