चोरी हुई राफ़ेल की फाइल, केजरीवाल बोले- चोरी छिपाने के लिए मोदी जी ने ग़ायब किए दस्तावेज़
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर पीएम मोदी ने चोरी नहीं की तो कागज ग़ायब करने की क्या जरूरत थी.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राफ़ेल सौदे से जुड़ी फाइलों के चोरी होने पर मोदी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी चोर हैं.
दरअसल, राफ़ेल सौदे को लेकर दायर याचिका की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर तर्क दिया गया कि राफ़ेल सौदे से संबंधित फाइलें रक्षा मंत्रालय से चोरी हो गई हैं, जिसकी जांच चल रही है.
इस पर तंज कसते हुए अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि इसका मतलब मोदी जी ने चोरी की है. अब सारे कागज गायब कर दिए हैं. अगर ये चोरी नहीं की तो काग़ज गायब करने की क्या जरूरत थी. उन्होंने आगे लिखा कि ऐसा प्रधानमंत्री देश के लिए बेहद ख़तरनाक है, जो सेना से जुड़े काग़ज गायब करवा दे.
इसका मतलब मोदी जी ने चोरी की है। अब सारे काग़ज़ ग़ायब कर दिए। अगर चोरी नहीं की होती तो काग़ज़ ग़ायब करने की क्या ज़रूरत थी? ऐसा प्रधान मंत्री देश के लिए बेहद ख़तरनाक है जो सेना से सम्बंधित काग़ज़ ही ग़ायब करवा दे। https://t.co/z1awZYprFb
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 6, 2019
ज्ञात हो कि वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी ने सुप्रीम कोर्ट में राफ़ेल सौदे को लेकर याचिका दायर की थी. इस याचिका में कहा गया कि केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कई जानकारियां छिपाईं, जिसके आधार पर बीते दिसम्बर में सुप्रीम कोर्ट ने अपना फ़ैसला सुनाया था.