अरुणाचल प्रदेशः हिंसक हुआ स्थायी निवासी बिल के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन, 1 व्यक्ति की मौत, कर्फ़्यू लागू
राहुल गांधी ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों की जल्द ठीक होनी की कामना की है.
अरुणाचल प्रदेश में बीते शनिवार को गैर-अरुणचालियों को स्थायी निवासी प्रमाण पत्र देने के ख़िलाफ़ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. तनाव को देखते हुए प्रदेश के कुछ हिस्सों में कर्फ़्यू लगा दिया गया है और फिलहाल वहां इंटरनेट सेवा ठप है.
जनसत्ता की ख़बर के अनुसार शनिवार को 6 आदिवासी समुदायों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र (पीआरसी) दिए जाने को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सरकार द्वारा नियुक्त पैनल की सिफारिशों में बदलाव करने की मांग करते हुए ईटानगर में सिविल सचिवालय में प्रवेश करने का प्रयास किया.
इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए फायरिंग कर दी, जिसमें इस शख्स की मौत हो गई. पुलिस ने 21 प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार कर लिया है.
इस पूरी घटना पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दु:ख जताया है. राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा कि ईटानगर में पुलिस गोलीबारी में एक निर्दोष की मौत की ख़बर सुनकर बहुत दु:ख हुआ. कांग्रेस अध्यक्ष ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए, अरुणाचल प्रदेश में शांति जल्द लौटने की प्रार्थना की है.
I’m sorry to hear about the death of an innocent youth in police firing, in Itanagar, Arunachal Pradesh, in which many others have also been injured. My condolences to the family of the young man. I pray that the injured make a speedy recovery & that peace returns to Arunachal.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) February 23, 2019