May a good source be with you.

मुझसे जूनियर हैं मोदी, उनके अंहकार को शांत करने के लिए कहता हूं ‘सर’: चंद्रबाबू नायडू

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने के लिए मोदी को सर बोलता रहा.

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलवार हुए हैं. उन्होंने कहा कि मोदी के अंहकार को शांत करने और राज्य की खातिर, उन्हें मोदी को सर बोलना पड़ता है.

जनसत्ता की एक रिपोर्ट के मुताबिक 30 जनवरी को हुई ऑल पार्टी मीटिंग में उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग करते हुए उन्होंने वो सब कुछ किया जिससे वह अपने राज्य को इंसाफ दिला सकें.  टीडीपी चीफ़ के मुताबिक, “राजनीति में तो मोदी मेरे जूनियर हैं, लेकिन जब वो सत्ता में आए, मैंने उन्हें दस बार सर कहकर बुलाया है. मैं ऐसा इस उम्मीद से करता हूं ताकि वो हमारे राज्य के साथ न्याय करें.”

मोदी को ‘सर’ बुलाने पर तंज कसते हुए उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति रहे बिल क्लिंटन से हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा कि ‘जब मैं अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मिला था तो मैंने उन्हें मिस्टर क्लिंटन कहकर संबोधित किया था, सर नहीं. उन्होंने आगे कहा, “मैं पहला व्यक्ति था, जिसने गुजरात दंगों के बाद मोदी से  मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की थी. मोदी का आंध्र प्रदेश के साथ पक्षपात  करने का एक बड़ा कारण ये भी हो सकता है.”

उन्होंने कहा कि, “2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ गठबंधन राज्य के लिए ही किया गया था, लेकिन आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा न दिए जाने पर टीडीप ने पिछले साल केंद्र और राज्य में भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया. अब बीजेपी के साथ गठबंधन के बिना हमें दस सीटें और मिलेंगी. इस निष्कर्ष पर पहुंचने के बाद कि वो हमारे साथ न्याय नहीं करेंगे मैंने यह कदम उठाया.”

You can also read NewsCentral24x7 in English.Click here
+