राजनीतिक हित साधने के लिए राष्ट्रीय संस्थानों को ध्वस्त कर रही है मोदी सरकार- चंद्रबाबू नायडू
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सीबीआई में चल रहे गतिरोध के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जिम्मेदार ठहराया
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और एलजेडी नेता शरद यादव से आंध्र प्रदेश भवन में मुलाकात की। अपनी मुलाकात के दौरान चंद्रबाबू ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और सीबीआई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री को घेरा।
फ़र्स्टपोस्ट की ख़बर के अनुसार उन्होंने कहा, ‘सीबीआई निदेशक पद के लिए 2 साल का कार्यकाल निर्धारित किया गया है। सीबीआई निदेशक को प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश या उनके द्वारा नामांकित किसी व्यक्ति द्वारा चुना जाता है। उन्हें हटाने की प्रक्रिया भी यही है। लेकिन, मोदी सरकार व्यक्तिगत और राजनीतिक हित को साधने के लिए राष्ट्रीय संस्थानों को ध्वस्त कर रही है।’
चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि राजनीतिक भ्रष्टाचारियों को एक साल के भीतर सजा दी जाएगी। लेकिन, अब भ्रष्टाचारी लोग देश छोड़कर भाग रहे हैं और जो लोग उनका विरोध कर रहे हैं, उन्हें परेशान किया जा रहा है।’
नायडू ने कहा कि राकेश अस्थाना प्रधानमंत्री मोदी के ख़ास आदमी थे। प्रधानमंत्री उन्हें गुजरात से लेकर आए थे इसलिए, अब प्रधानमंत्री को ही जवाब देना होगा। उन्होंने राकेश अस्थाना पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों के लिए प्रधानमंत्री को ज़िम्मेदार ठहराया।