दिल्ली में जेएनयू के छात्र उमर ख़ालिद पर हमला, दिल्ली पुलिस ने फायरिंग से किया इनकार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब ख़ालिद गेट पर चाय पी रहे थे तब दो गोलियां चलाई गईं।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र उमर ख़ालिद पर नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया के बाहर कुछ अज्ञात लोगों ने गोली चलाई। उमर ख़ालिद सुरक्षित हैं। हालांकि घटनास्थल से पिस्तौल बरामद होने केबावजूद दिल्ली पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया है।
गौरतलब है कि कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में ‘यूनाइटेड अगेंस्ट हेट’ नामक संस्था ने ‘खौफ से आजादी’ नाम के कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने कई छात्र पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब ख़ालिद गेट पर चाय पी रहे थे तब दो गोलियां चलाई गईं। द वायर के अनुसार ख़ालिद के साथ कॉन्स्टीकट्यूशन क्लब गए सैफ़ी ने बताया कि हम चाय पी रहे थे जब तीन लोग हमारी तरफ आए। उनमें से एक ने ख़ालिद को पकड़ लिया जिसका विरोध करते हुए ख़ालिद ने ख़ुद को छुड़ाने की कोशिश की। गोली चलने की आवाज़ के साथ वहां अफरा तफरी मच गई। आरोपियों ने भागते समय एक गोली चलाई लेकिन ख़ालिद बच गए।
उच्च सुरक्षा क्षेत्र के बीच किसी छात्र पर इस प्रकार हमले की कोशिश दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में डालता है। लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना रोश प्रकट करते हुए सरकार से पूछा कि 15 अगस्त के आस-पास कोई हथियार लेकर आ जाता है, गोली चला देता है और ग़ायब भी हो जाता है। आख़िर यह कैसी सुरक्षा व्यवस्था है।