#Metoo कैंपेन: फ़िल्म निर्माता विकास बहल पर फिर से लगा यौन शोषण का आरोप
एक नामी अभिनेत्री ने लगाया आरोप, कहा एक प्राइवेट पार्टी में की ज़बरदस्ती करने की कोशिश
#Metoo कैंपेन के तहत एक बार फिर फ़िल्म डायरेक्टर विकास बहल के ख़िलाफ़ यौन शोषण का मामला सामने आया है। इस बार एक नामी अभिनेत्री ने बहल के ख़िलाफ़ संगीन आरोप लगाए हैं।
फ़र्स्टपोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़ एक नामी अभिनेत्री ने अपना नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि एक प्राइवेट पार्टी के दौरान विकास बहल ने उनके साथ ज़बरदस्ती की थी। विकास ने शराब पी रखी थी और उन्हें ज़बरदस्ती किस करने की कोशिश की, जिसके बाद अभिनेत्री ने अपने बचाव में उसे धक्का मारा और पार्टी से चली गई।
उन्होंने बताया, “विकास की करतूतों को सब जानते है। उनकी पूर्व पत्नी भी उनकी हरकतों से वाक़िफ़ हैं।” गौरतलब है कि बहल के ख़िलाफ़ मामला सामने आने के बाद कंगना रनौत, विक्रमादित्य मोटवानी और अनुराग कश्यप ने उसके ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। ऋतिक रोशन ने भी बहल पर इस तरह के आरोप लगने के बाद कई बातें कहीं।
ज्ञात हो कि इससे पहले फैंटम फिल्म्स की एक क्रू मेम्बर ने भी बहल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया जिसके बाद अनुराग कश्यप ने फैंटम फिल्म्स को भंग करने का फैसला लिया है। आश्चर्य की बात है कि महिला सशक्तिकरण को लेकर क्वीन जैसी एक फिल्म बनाने वाले विकास बहल जैसे फिल्म निर्माता जो ख़ुद ही महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ी बड़ी बातें करने से बाज़ नहीं आते,वे भी पितृसत्तात्मक गलीचता के अनुयायी बने फिर रहे हैं।