अमूल के उपाध्यक्ष का प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप, कहा- उनके कार्यक्रम को हाईजेक कर रही है भाजपा
उपाध्यक्ष समेत बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स के कई अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में शामिल होने से किया इनकार
देश के प्रधानसेवक नरेंद्र मोदी आज, 30 सितंबर को, गुजरात जा रहे हैं। वहां उनको गुजरात के आणंद शहर में कई अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करनी थी, जिनमें एक कार्यक्रम अमूल डेरी का भी था। लेकिन वहां जाने से पहले ही कार्यक्रम विवादों के घेरे में है।
दरअसल कंपनी के वाइस-चेयरमैन राजेंद्र सिंह परमार ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए अमूल डेरी के कार्यक्रम को हाईजैक करने की बात कही है। इतना ही नहीं उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने से भी मना कर दिया।
इंडियन एक्सप्रेस से अपनी बातचीत में राजेंद्र सिंह परमार ने बताया, “ऐसा बिलकुल नहीं लग रहा है कि इस इवेंट को अमूल डेरी करवा रही है। बल्कि यह एक राजनैतिक इवेंट प्रतीत हो रहा है, जिसे भाजपा करवा रही हो! इससे पहले भी कई दूसरे प्रधानमंत्री भी अमूल डेरी के कार्यक्रमों में आए। लेकिन किसी राजनैतिक पार्टी के झंडे इस तरह नहीं लहराए थे। अमूल के मैनेजमेंट के बजाय एक राजनैतिक पार्टी इसको मैनेज कर रही है।”
अखबार ने जब परमार से इस इवेंट में आने के लिए उनको दिए गए न्यौते के बारे में सवाल पूछा तो उनका कहना था कि उन्हें न्यौता मिला है। उनके अलावा डेरी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के कुछ और सदस्य भी इस कार्यक्रम में नहीं शामिल होंगे।
वहीं अमूल डेरी के ही एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि मोगर में डेरी के इवेंट में करीब 90000 किसान आएँगे जिन्हें मोदी संबोधित करने वाले हैं। इससे एक बात तो साफ़ हो रही है कि मोदी जी 2019 के चुनाव की तैयारी और अपना चुनाव प्रचार करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं, चाहे इसके लिए किसी का भी कार्यक्रम हाईजैक करना पड़े।